अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर के नजदीकी और घनी आबादी वाले क्षेत्र खैरबार समेत आस-पास के ग्रामीण इलाकों में एक दंतैल हाथी के अचानक आ धमकने से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है। इस दंतैल हाथी ने रिहायशी इलाके में घुसकर जमकर तबाही मचाई है, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बीती सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच इस हाथी ने मछिन्दरपारा क्षेत्र में प्रवेश किया था। रात के अंधेरे में विशालकाय हाथी को अपने इतने करीब देखकर लोगों में हड़कंप मच गया और वे जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच कुछ साहसी ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी के सहारे हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश भी की।
मछिन्दरपारा से गुजरते समय हाथी ने रास्ते में आने वाले कई घरों की बाउंड्री वॉल (घेराव) को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही उसने खेतों और बाड़ियों में लगी फसलों तथा केले के पेड़ों को बेरहमी से रौंदकर बर्बाद कर दिया। इलाके में हाथी की सक्रिय मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने बांकी डैम और कोरिमा के आस-पास के ग्रामीणों को विशेष अलर्ट पर रहने की हिदायत दी है।
