रायपुर। विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ पुरी रथयात्रा के दौरान होने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के रेल यात्रियों की सुविधा के लिए गोंदिया-पुरी-गोंदिया के बीच एक विशेष रथयात्रा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 08801/08802 दोनों दिशाओं में चार-चार फेरों के लिए पटरियों पर दौड़ेगी, जिससे पुरी जाने वाले भक्तों का सफर बेहद आसान और आरामदायक हो जाएगा। इस विशेष ट्रेन सेवा का संचालन जुलाई महीने में 2, 9, 16 और 29 तारीख को किया जाएगा।
समय सारिणी की बात करें तो गोंदिया से यह ट्रेन (08801) दोपहर 1:30 बजे रवाना होकर दोपहर 3:58 बजे दुर्ग और शाम 5:10 बजे रायपुर पहुंचेगी, जहाँ से अपनी आगे की यात्रा तय करते हुए यह अगले दिन सुबह 10:00 बजे श्रद्धालुओं को पुरी पहुंचाएगी। इसी तरह वापसी में पुरी-गोंदिया रथयात्रा स्पेशल (08802) जुलाई की 3, 10, 17 और 30 तारीख को पुरी से दोपहर 1:00 बजे छूटेगी। यह ट्रेन अगले दिन तड़के 3:10 बजे रायपुर और सुबह 4:28 बजे दुर्ग होते हुए सुबह 7:00 बजे अपने अंतिम स्टेशन गोंदिया पहुंचेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का रूट बेहद सुगम रखा गया है। यह दोनों दिशाओं में डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद, खरियार रोड, कांटाबांजी, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकानाल, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। सफर को आरामदायक बनाने के लिए रेलवे ने इसमें 20 आधुनिक आईसीएफ कोच लगाए हैं, जिनमें 10 स्लीपर (शयनयान), 3 थर्ड एसी, 2 सेकेंड एसी और 2 दिव्यांग अनुकूल सह गार्ड कोच शामिल हैं।
