जगदलपुर। बस्तर के सुदूर अंचलों में शिक्षा और स्वास्थ्य की लौ जगाने के लिए अब एक महा-अभियान की शुरुआत होने जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर समाजसेवी सोनू सूद ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जामगांव स्थित मां मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमासाई महाराज से मुलाकात की। इस खास बैठक में बस्तर के आदिवासी क्षेत्रों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए दोनों पक्षों ने हाथ मिलाया है। सूद चैरिटी फाउंडेशन और मां मातंगी दिव्य धाम अब संयुक्त रूप से जनसेवा के कार्यों का विस्तार करेंगे।
छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर सोनू सूद का स्वागत करते हुए डॉ. प्रेमासाई महाराज ने उन्हें अपना आशीर्वाद दिया। उन्होंने अभिनेता को धाम में आयोजित होने वाले ‘मां कोत्रवै प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव’ का आमंत्रण भी दिया, जिसे सोनू सूद ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। महाराज ने देश भर में सोनू सूद द्वारा चलाए जा रहे मानवीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि मां मातंगी धाम पहले से ही गरीब बच्चों की शिक्षा, अस्थमा के मुफ्त इलाज, गो-संरक्षण और आईटीबीपी जवानों के आध्यात्मिक मार्गदर्शन जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में जुटा है।
इस मुहिम को और मजबूत करते हुए धाम में जल्द ही ‘मां मातंगी शिक्षा रत्न सम्मान’ की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों में अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास के लिए प्रतिदिन एक घंटे की संस्कार कक्षाएं भी लगाई जाएंगी। सोनू सूद के इस अभियान से जुड़ने के बाद अब बस्तर के दूरदराज के इलाकों में बड़े पैमाने पर स्वास्थ्य शिविर और शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
इस मौके पर सोनू सूद ने छत्तीसगढ़ के लोगों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी जरिया सिर्फ और सिर्फ सेवा है। शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए उनका यह अभियान बस्तर में पूरी ताकत से जारी रहेगा। मां मातंगी दिव्य धाम ने भी सूद चैरिटी फाउंडेशन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। दोनों संस्थाओं के इस साझा संकल्प से आने वाले दिनों में बस्तर के आदिवासी अंचलों में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
