सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे के बाद उपजी अराजकता ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं। शुक्रवार की रात प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवकों में से तीन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार बाइक सड़क के बीचो-बीच खड़े एक ट्रक से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि इस हादसे से ठीक पहले ट्रक ने एक कार को टक्कर मारी थी, जिसके बाद कार सवारों से विवाद होने पर चालक ट्रक को बीच सड़क पर ही लावारिस छोड़कर भाग निकला था। इसी बीच, शादी समारोह में जा रहे बैकोना गांव के चार युवक इस अंधेरे में खड़े ट्रक का शिकार बन गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रूपचंद पैंकरा (18) और रवि पैंकरा (15) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओमप्रकाश पैंकरा (17) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। इकलौते घायल अरमान पैंकरा को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
इस भयंकर दुर्घटना की खबर फैलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण आक्रोश से उबल पड़े। भारी संख्या में मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गुस्से में आकर उस ट्रक को आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और धधकती आग को बुझाने के प्रयास में जुट गए। इसी दौरान, आपातकालीन सेवा डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची, जिसमें आरक्षक निशांत टोप्पो और उनका ड्राइवर शामिल थे। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने और स्थिति को दर्ज करने के लिए आरक्षक निशांत जैसे ही अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, वहां मौजूद कुछ नशेड़ी और उग्र युवकों का गुस्सा भड़क उठा।
वीडियो बनाने का विरोध करते हुए इन उपद्रवियों ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने आरक्षक निशांत टोप्पो और डायल-112 के ड्राइवर को घेर लिया और उन पर लात-घूंसों की बरसात कर दी। दोनों वर्दीधारियों को तब तक बेरहमी से पीटा गया जब तक कि वे लहूलुहान होकर बीच सड़क पर ही बेहोश नहीं हो गए। इस बर्बरता के दौरान आरोपी लगातार पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते रहे। जब दोनों कर्मचारी बेदम होकर जमीन पर गिर पड़े, तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
बाद में पुलिस बल ने दोनों को बेहोशी की हालत में प्रतापपुर अस्पताल में भर्ती कराया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने इस पिटाई का खुद भी वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि इसी वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
