बलरामपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के सख्त निर्देश के बाद हरकत में आए खनिज विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की विशेष टीम ने ग्राम मितगई और पिपरौल स्थित सेंदूर नदी क्षेत्र में अचानक छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए 6 वाहनों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ दोनों गांवों में जाल बिछाया था। इस छापेमारी के दौरान ग्राम मितगई से 4 और ग्राम पिपरौल से 2 गाड़ियों को अवैध रूप से रेत ले जाते हुए पकड़ा गया। इन सभी 6 वाहनों को तुरंत जब्त कर सुरक्षार्थ पुलिस चौकी विजयनगर और तातापानी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। इन वाहन स्वामियों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जिससे भविष्य में इस तरह के अवैध कार्यों पर लगाम लगाई जा सके।
खनिज अधिकारी ने साफ किया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर पूरी तरह से प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए प्रशासन लगातार निरीक्षण और जांच अभियान चला रहा है। उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी ऐसी अवैध गतिविधियां देखने को मिलें, तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय पर ऐक्शन लिया जा सके। गुलाटी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि रेत माफियाओं के खिलाफ यह सख्त अभियान रुकने वाला नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में इसे और अधिक कड़ा किया जाएगा।
