सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर उसके शव को बोरे में भरकर फेंक दिया गया। यह पूरी घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तीवरागुडी सरनापारा की है। आज सुबह जब ग्रामीण इलाके से गुजर रहे थे, तब उन्होंने बिजली के खंभे के पास दो संदिग्ध बोरे पड़े देखे। नजदीक जाकर देखने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए; दोनों बोरों में एक व्यक्ति का बंधा हुआ शव था।
बोरों में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गांव के पूर्व सरपंच को दी, जिसके बाद पूर्व सरपंच ने तत्परता दिखाते हुए रामानुजनगर थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बल सहित तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। हालांकि, शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुला लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और डॉग स्क्वायड की मदद से बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
