रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दोहरे विवाह और धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो हिंदू युवतियों को धोखे में रखकर शादी करने वाले एक मुस्लिम युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मूलतः गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी सलीम के रूप में हुई है, जो रायगढ़ के खरसिया इलाके में फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी सलीम ने अपनी पहचान छिपाकर या बहला-फुसलाकर दो अलग-अलग हिंदू युवतियों से शादियां रचाई थीं। उसने पहली शादी खरसिया की एक युवती से की थी, जिसे वह शादी के बाद दिल्ली ले गया था। सलीम ने अपनी इस पहली पत्नी को करीब 6 साल तक साथ रखा। इसी बीच, उसने पहली पत्नी को बिना भनक लगे कुछ दिन पहले ही एक अन्य हिंदू युवती को अपनी पहचान के जाल में फंसाया और जांजगीर-चांपा के एक मंदिर में ले जाकर दूसरी शादी रचा ली।
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब सलीम की पहली पत्नी को उसकी इस दूसरी शादी की भनक लग गई। पति की इस करतूत से आहत होकर पहली पत्नी न्याय की गुहार लगाने सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पास पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पीड़ित महिला के समर्थन में एसपी दफ्तर पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्परता दिखाई और आरोपी सलीम को घेराबंदी कर धर दबोचा।
