रायपुर/दुर्ग। अफ्रीका में पैर पसार रहे इबोला वायरस के खतरे को देखते हुए छत्तीसगढ़ का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। दुर्ग जिले में अफ्रीकी देशों से लौटे कुल चार अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को एहतियात के तौर पर 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें से सबसे हालिया मामला सुडान से लौटे एक यात्री का है, जिसे 4 जून को ट्रेस किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि वर्तमान में चारों यात्रियों में इबोला का कोई भी लक्षण नहीं मिला है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मनोज दानी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम इन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बेहद गंभीर है। कंट्रोल रूम और ट्रेसिंग टीम के माध्यम से प्रतिदिन सुबह-शाम फोन पर इन सभी के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जा रही है। इन यात्रियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या या तकलीफ होती है, तो वे तुरंत स्वास्थ्य विभाग, जिला कंट्रोल रूम या मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को सूचित करें।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग पहुंचे इन चार यात्रियों में से एक महिला 31 मई को कांगो से आई हैं, जबकि दो अन्य यात्री 2 जून को भिलाई पहुंचे हैं, जिनमें से एक इथोपिया और दूसरा युगांडा से लौटा है। इसके बाद 4 जून को सुडान से आए चौथे यात्री की ट्रेसिंग की गई। चूंकि इन सभी यात्रियों का कोई पुराना संक्रमित इतिहास नहीं है, इसलिए इन्हें घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। हवाई अड्डों पर भी अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों की कड़ी क्लीनिकल स्क्रीनिंग की जा रही है और जोखिम के आधार पर उन्हें तीन श्रेणियों में बांटकर निगरानी रखी जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के नए मामले सामने आए हैं, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बीते 17 मई को प्रमाणित किया था। इबोला एक बेहद संक्रामक और घातक वायरस है, जो संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने या उसके बॉडी फ्लूइड (शारीरिक तरल पदार्थ) से फैलता है। इसमें मरीज को तेज बुखार, उल्टी, पेट दर्द, जोड़ों में दर्द, अत्यधिक थकान, सिरदर्द और वाटरी डायरिया जैसे गंभीर लक्षण होते हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस वायरस की सटीक पहचान के लिए मुख्य रूप से आरटी-पीसीआर (RT-PCR) जांच की जाती है, जिसके लिए जिले में पूरी तैयारी रखी गई है।
