रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां छाल वन परिक्षेत्र के अंतर्गत पानी में डूबने से एक हाथी के शावक की मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना चंद्रशेखरपुर बीट की है, जहां पुसलदा निवासी बोटलाल राठिया के खेत में बने राजस्व भूमि के तालाब में डूबने के कारण शावक ने दम तोड़ दिया।
दिल को झकझोर देने वाले इस हादसे के बाद, बीच तालाब से मृत शावक के शव को उसकी मां खुद खींचकर किनारे तक लेकर आई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, क्योंकि छाल रेंज में पिछले महज एक महीने के भीतर वन्यजीव की मौत का यह तीसरा मामला है।
घटना की सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी, एडीओ, रेंजर और छाल थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शावक के शव को कब्जे में ले लिया गया है और फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। इस बीच, क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है क्योंकि हादसे वाली जगह के आसपास वर्तमान में 51 हाथियों का एक विशाल दल लगातार विचरण कर रहा है, जिससे वन अमला पूरी तरह सतर्क है।
