बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग 343 (NH-343) पर एक तेज रफ्तार हाइवा अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। यह दुर्घटना बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील दलधोवा घाट पर हुई। बताया जा रहा है कि हाइवा में भारी मात्रा में गिट्टी लोड थी और वह तेज गति से बलरामपुर की ओर आ रहा था। इसी दौरान दलधोवा घाट के पास चालक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते हाइवा सड़क से उतरकर सीधे 30 से 40 फीट गहरी खाई में पलट गया।
हादसा इतना जबरदस्त था कि हाइवा के परखच्चे उड़ गए और चालक वाहन के भीतर ही बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तत्परता दिखाते हुए ‘108’ एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया गया। गंभीर रूप से घायल चालक को बेहद मशक्कत के बाद मलबे से बाहर निकाला गया और तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, चालक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका इलाज लगातार जारी है। फिलहाल, कोतवाली थाना पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
