सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आमगांव खदान क्षेत्र में एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहाँ ब्लास्टिंग के दौरान उड़े पत्थर की चपेट में आने से एक मासूम बच्ची घायल हो गई। मामला कोट-पटना गांव का है, जहाँ एक परिवार की बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी अचानक खदान में हुए जोरदार धमाके के साथ पत्थरों की बारिश होने लगी।
परिजनों का गंभीर आरोप है कि एसईसीएल (SECL) प्रबंधन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या सुरक्षा मानकों का पालन किए ब्लास्टिंग की गई, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण घायल बच्ची को लेकर सीधे थाने पहुँचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
अब क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि क्या पुलिस इस मामले में निष्पक्षता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज करेगी या फिर प्रबंधन के रसूख के आगे ग्रामीणों को खाली हाथ लौटना पड़ेगा।
