अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..पखवाड़े भर पहले मुस्लिम युवक द्वारा आदिवासी युवती से प्रेम विवाह के मामले ने तूल पकड़ लिया है।इस मामले को लव जिहाद का मामला बताते हुए विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल समेत कंवर समाज एवं सर्व हिंदू समाज ने इस घटना के विरोध में उग्र प्रदर्शन करते हुए पहले नेशनल हाईवे जाम कर दिया।कुछ देर नेशनल हाईवे जाम करने के बाद स्थानीय थाने का घेराव करने के बाद कार्यवाही की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।हालांकि पुलिस प्रशासन की सूझबूझ और समझाइश के बाद कार्यकर्ताओं ने दो घँटे बाद धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम समाप्त कर दिया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पखवाड़े भर पहले नगर सैनिक के पद पर पदस्थ ग्राम बालमपुर निवासी कंवर समाज की आदिवासी युवती एवं महेशपुर निवासी मुस्लिम युवक ने परिवार की रजामंदी के बिना प्रेमविवाह कर लिया था।इस प्रेमविवाह से नाराज चल रहे युवती के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज करा कार्यवाही की मांग की थी।घरवालों की आपत्ति के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए युवती को थाने बुलाया था।
इस दौरान युवती के घरवालों ने समाज एवं लोक लाज का भय दिखाकर युवती को काफी समझाने की कोशिश की।लेकिन युवती ने उनकी एक नही सुनी और अपनी मर्जी से शादी करने की बात कह युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।घरवालों के काफी समझाने के बाद भी जब कोई असर नही हुआ तब पुलिस ने थाने में युवती का बयान दर्ज करते हुए मजिस्ट्रेटियल बयान कराने के बाद उसकी इच्छानुसार उसे जाने दिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद घरवालों ने एक बार फिर उसे समझाते हुए साथ घर चलने को बोला पर युवती ने साफ इंकार कर दिया।क्षेत्र में आदिवासी युवती एवं मुस्लिम युवक द्वारा प्रेमविवाह का मामला सामने आते ही हिंदू संगठन आक्रोशित हो उठे।इसे लव जिहाद का मामला बताते हुए बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता समेत कंवर समाज एवं सर्व हिंदू समाज रैली की शक्ल में थाने पहुंचे नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। जिसकी वजह से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी का माहौल बन गया था।
आंदोलनकारी कुछ देर चक्काजाम करने के बाद थाने का घेराव कर दिया और युवक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सुनियोजित तरीके से ऐसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है और पुलिस इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रही है।नाराज प्रदर्शनकारी आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और क्षेत्र में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीओ पुलिस टी एस पट्टावी एवं थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से लंबी चर्चा की।पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में विधि सम्मत एवं निष्पक्ष कार्यवाही के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने ढाई घंटे तक चले चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन को समाप्त किया।
इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
थाने के पास से धरना प्रदर्शन खत्म करने के बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ एसडीएम कार्यालय पहुँची।जहाँ इस मामले में कार्यवाही की मांग करते हुए एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया।सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि अगर इस मामले के विरुद्ध कार्यवाही नहीं हुई तो भविष्य में चक्काजाम एवं धरना प्रदर्शन कर विरोध किया जायेगा।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने बताया कि युवती के घरवाले एवं प्रदर्शनकारियों के कहना है कि युवती को एक बार थाने बुलाया जाये।ताकि घरवाले उससे बातचीत कर लिखित रूप से उसका पक्ष जान सके।इस संबंध में युवती को सूचित किया जायेगा अगर वो आने को राजी हुए तो घरवालों को खबर दे दी जायेगी।
