रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी वेणु जंघेल को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। रायपुर की कोतवाली पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने हिंदी की परीक्षा होने से ठीक एक दिन पहले प्रश्नपत्र लीक कर दिया था और इसे करीब 3 हजार रुपए की मामूली कीमत पर छात्रों और अन्य लोगों को बेचा गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए शातिर आरोपी लगातार अपने डिजिटल फुटप्रिंट्स और सबूत मिटाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस उस तक पहुंचने में कामयाब रही।
फिलहाल कोर्ट ने आरोपी को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जहां पूछताछ के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस रैकेट के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसके चलते आने वाले दिनों में कुछ और महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां होने की पूरी संभावना है।
