अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर शहर के मायापुर स्थित चांदनी चौक इलाके में उस वक्त मातम पसर गया, जब मेंड्राकला स्थित खर्रा नदी में नहाने गए दो सगे चाचा-भतीजा की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय अमन कुमार (पिता अमला कुमार) और 17 वर्षीय उज्जवल दीप भारती (पिता कृष्णा प्रसाद भारती) के रूप में हुई है। इस हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य किशोर, जरहागढ़ निवासी 17 वर्षीय समर्थ सोनी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के तरणताल (Swimming Pool) बंद होने के कारण ये तीनों युवक दोपहर करीब एक बजे नहाने के लिए खर्रा नदी पहुंचे थे, जहाँ गहराई का अंदाजा न होने के कारण यह हादसा हो गया। गौरतलब है कि खर्रा नदी में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है, जो सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को बरामद कर लिया है और मणिपुर थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है।
