जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा की सियासी फिजाओं में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब क्षेत्रीय विधायक व्यास कश्यप ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए सीधे आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं में कथित धांधली, भ्रष्टाचार और आम जनता के साथ हो रहे भेदभाव के खिलाफ विधायक कश्यप आगामी 4 मई, सोमवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक एक दिवसीय अनशन (सत्याग्रह) पर बैठेंगे।
विधायक का आरोप है कि सरकारी मशीनरी की लापरवाही के चलते जनहित की योजनाएं सिर्फ कागजों तक सिमट कर रह गई हैं और पात्र हितग्राही अपने अधिकारों के लिए भटकने को मजबूर हैं। रविवार को विधायक कार्यालय से जारी एक प्रखर अपील में कांग्रेस के जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारियों सहित युवा विंग और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में इस लोकतांत्रिक विरोध का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है। पारदर्शिता और जनता के हक की इस लड़ाई ने जिले में न केवल राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है, बल्कि प्रशासन को भी बैकफुट पर लाकर चौकन्ना कर दिया है।
