रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पत्रकारों से सीधी चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पश्चिम बंगाल के चुनावी रण को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने ममता बनर्जी के प्रसिद्ध नारे को उन्हीं पर पलटते हुए कहा कि इस बार तृणमूल कांग्रेस के साथ ‘खेला’ होगा और बंगाल की धरती पर भाजपा का ‘कमल’ खिलना तय है। साव ने स्पष्ट किया कि शुरुआती रुझान और जनता का उत्साह यह बता रहा है कि बंगाल अब परिवर्तन की राह पर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने जनता का साथ छोड़कर घुसपैठियों का हाथ थाम लिया है, जिसका जवाब बंगाल के लोग अपने वोट से दे रहे हैं। साव के अनुसार, टीएमसी के शासन में बंगाल गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और अत्याचार का केंद्र बन चुका है और अब वहां की जनता इस दमनकारी शासन से मुक्ति चाहती है।
उपमुख्यमंत्री ने केवल बंगाल ही नहीं, बल्कि असम और पुदुचेरी में भी भाजपा की जीत का परचम लहराने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। इसी दौरान उन्होंने देशव्यापी महंगाई के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर भी तीखा तंज कसा।
साव ने कांग्रेस के ‘पाकिस्तान प्रेम’ पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता अक्सर पाकिस्तान में ‘हीरो’ की तरह पेश किए जाते हैं। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को महंगाई पर चर्चा ही करनी है, तो उन्हें अपने पसंदीदा देश पाकिस्तान के हालात देख लेने चाहिए, जबकि प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत में महंगाई की दर वैश्विक स्तर की तुलना में काफी नियंत्रित है।
