सक्ति. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार प्लांट के बॉयलर में पाइप फटने से अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे वहां काम कर रहे कई कर्मचारी झुलस गए. घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कामकाज तत्काल रोक दिया गया.
हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया. गंभीर रूप से झुलसे कर्मचारियों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है, वहीं कुछ घायलों को खरसिया स्थित पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है. हादसे में कुछ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
घटना के बाद एहतियातन प्लांट में छुट्टी घोषित कर दी गई है. फिलहाल प्रशासन और प्लांट प्रबंधन मामले की जांच में जुटे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
