जांजगीर चांपा। जाज्वलयदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। नन्हीं नृत्यांगना सानवी यादव ने अपने मनमोहक नृत्य प्रदर्शन से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पारंपरिक परिधान में सजी सानवी ने मंच पर आते ही अपनी सधी हुई मुद्राओं, भाव-भंगिमाओं और ताल-लय के सुंदर समन्वय से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुति में आत्मविश्वास और कला के प्रति समर्पण साफ झलक रहा था। छोटी सी उम्र में इतनी प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया।
कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सानवी की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महोत्सव के दूसरे दिन की यह सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए यादगार बन गई, जहां लोक संस्कृति और शास्त्रीय नृत्य की सुंदर छटा देखने को मिली।
