रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल क्षितिज पर अपनी चमक बिखेर रहे युवा क्रिकेटर आयुष पाण्डेय ने श्रीलंका दौरे के लिए इंडिया-ए टीम में चयन होने के बाद उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में हुई इस आत्मीय मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री ने आयुष को भारतीय जर्सी पहनने के इस ऐतिहासिक अवसर पर बधाई दी। उन्होंने युवा बल्लेबाज की पीठ थपथपाते हुए उम्मीद जताई कि श्रीलंका की धरती पर भी उनका बल्ला जमकर रन बरसाएगा और वे देश व राज्य का नाम रोशन करेंगे। खेल मंत्री ने आयुष की कड़ी मेहनत और मैदान पर उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास के लिए एक गौरवशाली क्षण है, जहां के एक युवा ने अपने दमदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
बाएं हाथ के इस बेहद आक्रामक और प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज ने पिछले कुछ समय से घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा रखा है। नई गेंद की धार को कुंद करने और लंबी पारियां खेलने की असाधारण क्षमता रखने वाले आयुष की ताकत उनकी आक्रामक शैली और कड़क ‘कवर ड्राइव’ हैं। ध्रुव जुरेल की कप्तानी में दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए श्रीलंका रवाना हो रही 15 सदस्यीय भारतीय टीम में चयनकर्ताओं ने ओपनर के तौर पर आयुष की इसी काबिलियत पर भरोसा जताया है। रायपुर के रहने वाले 23 वर्षीय आयुष बीते तीन सीजन से रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और वे सेंट्रल जोन की ओर से दलीप ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सी.के. नायडू ट्रॉफी में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं।
घरेलू क्रिकेट में आयुष का रिकॉर्ड उनकी प्रतिभा की गवाही देता है, जहां उन्होंने रणजी ट्रॉफी में अब तक एक दोहरा शतक और चार शानदार शतक जड़े हैं। उन्होंने साल 2024 में तमिलनाडु के खिलाफ 124 रनों की पारी खेलकर अपना पहला रणजी शतक बनाया था, जिसके बाद 2024-25 के सीजन में असम के खिलाफ 211 रनों की मैराथन पारी खेलकर वे सुर्खियों में आ गए। इतना ही नहीं, आयुष ने दिल्ली (161 रन) और मुंबई (117 रन) जैसी भारतीय घरेलू क्रिकेट की सबसे मजबूत और दिग्गज गेंदबाजी लाइनों के खिलाफ भी शतक ठोककर साबित किया है कि वे बड़े मैचों के खिलाड़ी हैं। वर्तमान में, वे नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग (CCPL) में बिलासपुर बुल्स की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, जहां टी-20 फॉर्मेट में भी उनका आक्रामक अंदाज लगातार देखने को मिल रहा है।
