अम्बिकापुर। जम्मू एवं कश्मीर की वादियों में सरगुजा की बेटियां पारंपरिक युद्धकला गतका का परचम लहराने के लिए तैयार हैं। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक श्रीनगर में आयोजित होने वाली 10वीं राष्ट्रीय सीनियर गतका प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा की चार होनहार खिलाड़ियों का चयन हुआ है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग के तहत सरिता यादव और अल्का सोनी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी, जबकि अंडर-25 वर्ग में सुमन और नूर फातिमा अपने कौशल का दम दिखाएंगी। चारों खिलाड़ी जल्द ही राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर सरगुजा और प्रदेश को गौरवान्वित करने के इरादे से रवाना होंगी।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हाल ही में रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के आधार पर ही इन बालिकाओं को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। उन्होंने बताया कि सरगुजा के ग्रामीण अंचलों और दूरदराज के क्षेत्रों में गतका के प्रति युवाओं का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। नियमित प्रशिक्षण शिविरों और स्थानीय प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभाओं को तराशने का काम निरंतर जारी है, ताकि भविष्य में और भी खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम चमका सकें।
द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के सह सचिव एवं सरगुजा कोऑर्डिनेटर रजत सिंह ने इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने रेखांकित किया कि इन चारों खिलाड़ियों ने पहले भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धाओं में पदक जीत कर अपनी योग्यता साबित की है। साथ ही, श्रीनगर में होने वाली इस राष्ट्रीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर खिलाड़ियों के लिए आगामी ‘खेलो इंडिया’ और मेघालय में प्रस्तावित ‘नेशनल गेम्स’ के दरवाजे भी खुल सकते हैं।
बेटियों के इस गौरवपूर्ण चयन पर द गतका एसोसिएशन ऑफ सरगुजा के पदाधिकारी बलविंदर सिंह छाबड़ा और निशांत सिंह गोल्डी, द गतका एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष सिमरन सिंह, प्रदेश सचिव ख्वाजा अहमद, कृष्ण एक्का, सुनैना जायसवाल सहित जिला व प्रदेश संघ के सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को अपनी बधाई व जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
