जांजगीर-चांपा। महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ (29 अगस्त) की पूर्व संध्या पर 27 अगस्त को देशभर में व्यापक स्तर पर ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन किया जा रहा है। युवा सहभागिता, खेल विकास और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से आयोजित इस महाअभियान का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से देशभर के लगभग 1600 स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवाओं और खिलाड़ियों से सीधे संवाद करेंगे।
इस पहल के तहत देश के प्रत्येक जिले के दो प्रमुख महाविद्यालयों में ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सुबह 10 बजे तक प्रतिभागियों की उपस्थिति तय की गई है। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत स्थानीय स्तर पर MY Bharat स्वयंसेवकों और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच एक विशेष परिचर्चा सत्र होगा। इस दौरान पिछले 12 वर्षों में भारत के खेल बुनियादी ढांचे में आए बदलावों और उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से चार प्रमुख बिंदुओं पर युवाओं से संवाद होगा। जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार, वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान के साथ 2036 ओलंपिक के लिए भारतीय प्रतिभाओं की तैयारी, युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प के तहत युवाओं का सशक्तिकरण। कार्यक्रम स्थल पर ही युवाओं से उनके सुझाव QR कोड के जरिए संकलित किए जाएंगे और उन्हें ‘VBYLD क्विज़’ में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। खेल संस्कृति और युवा नेतृत्व को नई दिशा देने वाला यह आयोजन विकसित भारत के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
