रायपुर। छत्तीसगढ़ की पावन धरा चंपारण्य अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक नए आध्यात्मिक वैभव के साथ स्थापित होने जा रही है। महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य की इस ऐतिहासिक जन्मस्थली को आधुनिक और दिव्य स्वरूप देने के लिए केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने ‘स्वदेश दर्शन 2.0’ योजना के तहत लगभग 73.42 करोड़ रुपये के भव्य “श्री महाप्रभु वल्लभाचार्य स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स” प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना न केवल वैष्णव परंपरा के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था को नई भव्यता प्रदान करेगी, बल्कि राज्य में अनुभव-आधारित और सांस्कृतिक पर्यटन का एक बड़ा केंद्र भी बनकर उभरेगी।
रायपुर जिले के अंतर्गत 15 एकड़ के विशाल भूभाग में आकार लेने वाला यह परिसर मात्र एक तीर्थ स्थल न होकर आध्यात्मिक चेतना, कला और शोध का संगम होगा। यहां महाप्रभु वल्लभाचार्य के जीवन-दर्शन को जीवंत करता एक अत्याधुनिक म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही एक विशाल कथा ग्राउंड, ओपन एयर थिएटर, वेलनेस एवं ध्यान केंद्र, बहुउद्देशीय सभागार, और दूर-दराज से आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास व डॉरमेट्री का निर्माण किया जाएगा। परिसर में स्थित ऐतिहासिक यज्ञ कुंड व जल कुंड का पुनरुद्धार कर उन्हें आकर्षक रूप दिया जाएगा, जबकि दिव्य पाथवे, लैंडस्केपिंग और आधुनिक जन-सुविधाएं यहां आने वाले परिवारों, शोधार्थियों और पर्यटकों के अनुभव को अविस्मरणीय बनाएंगी।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार, यह परियोजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। योजना का मूल उद्देश्य चंपारण्य को सिर्फ दर्शन तक सीमित न रखकर, श्रद्धालुओं के प्रवास की अवधि को बढ़ाना है। जब श्रद्धालु और पर्यटक यहां पूरे दिन या उससे अधिक समय बिताएंगे, तो इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार, हस्तशिल्प और खान-पान के व्यापार को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) पूरी तरह तैयार है और शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जा रही है। 18 माह की निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण होने वाला यह स्टैच्यू कॉम्प्लेक्स आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ को देश के शीर्ष आध्यात्मिक और वेलनेस पर्यटन स्थलों की अग्रिम पंक्ति में लाकर खड़ा करेगा।
