ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पहचान छुपाने की नीयत से गुप्तेश्वर पहाड़ी पर युवती के शव पर पेट्रोल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका बीते 28 मई को भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र स्थित अपने घर से जेवरात समेटकर अपने प्रेमी रामू गुर्जर के साथ लापता हुई थी।
बेटी के लापता होने के बाद पिता ने 28 मई को ही मौ थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेमी रामू गुर्जर ने ग्वालियर पहुंचकर अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया और घिनौनी वारदात के बाद युवती को मौत के घाट उतार दिया।
इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए मौ थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमी सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं जनकगंज थाना पुलिस ने मामले की शुरुआती जांच करते हुए जीरो पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
