प्यार में नाकाम युवक ने लड़की को लोकल ट्रेन के नीचे फेंकने की कोशिश की

मुंबई। मुंबई के खार स्‍टेशन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पर प्‍यार में नाकाम एक युवक ने लड़की के शादी से इनकार करने पर उसे लोकल ट्रेन के नीचे फेंकने की कोशिश की। गनीमत ये रही है जिस समय लड़के ने इस घटना को अंजाम दिया उस वक्‍त लड़की की एक दोस्‍त भी उसके साथ थी, जिसने लड़के को रोकने की कोशिश की और लड़की को ट्रेन की पटरी पर गिरने से बचा लिया। इसके बाद वहां पर जब लोग इकट्ठा होने लगे तो लड़का वहां से भाग निकला। हालांकि बाद में जीआरपी ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सुमेध जाधव नामक युवक को एक लड़की से एकतरफा प्‍यार था, लेकिन लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर 19 फरवरी को सुमेध ने पहले तो चलती ट्रेन से कूदने की कोशिश की और उसके बाद लड़की को चलती ट्रेन के नीचे धकेलने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लड़की की जान किसी तरह से बच गई।

जानकारी के मुताबिक दो साल पहले आरोपी युवक और पीड़ित लड़की एक ही आफिस में काम करते थे। उसी दौरान आरोपी लड़के को लड़की से एकतरफा प्‍यार हो गया। ऑफिस में काम करने के दौरान दोनों एक दूसरे से बात करते थे लेकिन बाद में लड़का लड़की पर शादी करने का दबाव बनाने लगा, लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया। बावजूद इसके वह लड़की का पीछा नहीं छोड़ रहा था। परेशान होकर लड़की ने निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। कुछ दिन शांत रहने के बाद वह फिर से पीड़ित लड़की का पीछा करने लगा।

19 फरवरी को पीड़ित लड़की जैसे ही खार स्टेशन पर पहुंची तो आरोपी ने पहले तो खुद चलती ट्रेन से छलांग मारने की एक्टिंग की, उसके बाद लड़की को ट्रेन के नीचे धकेलने की कोशिश करने लगा। आरोपी लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है।