नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की सीमाओं पर नए कृषि कानून के खिलाफ दो महीने से आंदोलन कर रहे किसान आज दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकाल रहे हैं। ट्रैक्टर रैली के दौरान कई जगह किसान आंदोलन बेकाबू हो गया। किसानों ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ दिल्ली में घुसकर लाल किले पर अपना झंडा फहरा दिया। राजधानी में कुछ जगहों पर किसानों और पुलिसकर्मियों के बीच भिड़ंत हो गई।
दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर रैली अब उग्र हो गया है। आईटीओ पर बवाल के बीच कई किसान लाल किले पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो दर्जन ट्रैक्टरों पर सवार सैकड़ों किसान लाल किला परिसर में पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। इसके साथ ही संगठन का झंडा फहरा दिया गया है। यह झंडा वहां फहराया गया है, जहां 15 अगस्त को प्रधानमंत्री तिरंगा फहराते हैं।मौके पर दिल्ली पुलिस के जवान भी पहुंच गए हैं।
#WATCH A protestor hoists a flag from the ramparts of the Red Fort in Delhi#FarmLaws #RepublicDay pic.twitter.com/Mn6oeGLrxJ
— ANI (@ANI) January 26, 2021
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
पुलिस मुख्यालय से कुछ दूरी पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। वहां पुलिस की बस को प्रदर्शनकारी किसानों ने ट्रैक्टर से धक्का मारा ताकि उसे सड़क से हटाया जा सके। पुलिस वाले उन्हें समझाते रहे। हालात बेकाबू होने के बाद पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया। लाल किले पर किसानों के प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में सीपीएम के झंडे भी नजर आए।
#WATCH Police use tear gas on farmers who have arrived at Delhi's Sanjay Gandhi Transport Nagar from Singhu border#Delhi pic.twitter.com/fPriKAGvf9
— ANI (@ANI) January 26, 2021
उग्र हो गए किसान

लाठीचार्ज से पहले ही किसान उग्र थे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया, जिसके चलते कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस और किसानों के साथ जमकर झड़प हुई। पुलिस पर प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा। आखिर में बेकाबू प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। उन पर बल प्रयोग किया।

बता दें कि पिछले दो महीने से नए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई प्रदेशों के किसान दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर आज किसानों ने ट्रैक्टर मार्च निकालने का एलान किया। दिल्ली पुलिस ने ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए तीन रूट तय किए थे, लेकिन किसान तय रूट से अलग मार्च निकालने लगे। दोपहर में किसान दिल्ली बॉर्डर से आईटीओ पहुंचे। इसके साथ ही आईटीओ पर काफी बवाल मचा हुआ है। किसानों के पथराव के बाद कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।