वीडियोः सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो से मचा बवाल, महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया शेयर..

सोशल मीडिया बड़ी तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो से बवाल मचा हुआ है। वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लड़कियां बीच सड़क पर मनचलों को खरी-खोटी सुनाती नजर आ रही है। महिलाओं को कहते सुना जा सकता है, ‘ऐसे किसी से भी रेट पूछ लेते हो? तुम्हारे घर में मां-बहन नहीं है?’

जानकारी के अनुसार लेट नाइट पार्टी के लिए फेमस दिल्ली का हौज खास इलाका काफी सुर्खियों में रहता है। वीडियो वायरल होने के बाद कुछ लड़कियों ने आरोप लगाया है कि पार्टी के बाद घर लौटने के दौरान वहां मौजूद लड़कों के एक ग्रुप ने उनसे बदतमीजी से बात की और उनका ‘रेट’ पूछा। लड़कियों ने भी उन मनचलों को मुंहतोड़ जवाब दिया जिसके बाद वह लड़के वीडियो पर माफी मांगते नजर आए।

लड़की ने पोस्ट में आगे बताया कि जब उन्होंने शोर मचाया तो सभी आदमी भागने लगे, लेकिन हमारी मदद के लिए कोई नहीं आया। लड़की ने कहा, हमें दिल्ली में रहते हुए तीन से पांच साल हो गए लेकिन ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। हमारे शोर मचाने के बाद आदमियों का ग्रुप सॉरी-सॉरी कहता भाग रहा था, इसके बाद हमने पुलिस को बुलाया लेकिन उन्होंने भी मुस्कुराते हुए घटना को नजरअंदाज किया और कोई एक्शन नहीं लिया।

दिल्ली महिला आयोग (DWC) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर महिलाओं के साथ हुई इस घटना का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बताया कि DWC द्वारा आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया गया है। स्वाति मालीवाल ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, सोशल मीडिया पर एक शर्मनाक वीडियो सामने आया जिसमें नॉर्थ-ईस्ट की कुछ महिलाओं ने पुरुषों के एक ग्रुप पर नस्लीय और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुरुषों ने महिलाओं से पूछा- ‘तुम्हारा रेट क्या है’। यह बहुत ही गंभीर मामला है, दिल्ली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।