“टीएस सिंहदेव को अब सम्मान मिलेगा, नंबर बांटने के अलावा कुछ नहीं बचा” नेताम ने सिंहदेव पर कसा तंज, देखिए Video

अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा वर्तमान विष्णु देव साय सरकार को 10 में से पांच नंबर देने पर राज्य के कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नेताम ने सिंहदेव की टिप्पणी पर तंज कसते हुए कहा, “सिंहदेव अब केवल नंबर ही दे सकते हैं, क्योंकि अब उनके पास कुछ और देने के लिए नहीं बचा है। वे अब सिर्फ बयानबाजी कर रहे हैं।”

Random Image

नेताम ने आगे कहा, “हमारी सरकार में सिंहदेव को किसी प्रकार की तकलीफ नहीं होगी। हम उन्हें पूरा सम्मान देंगे, जो भूपेश बघेल सरकार में उन्हें नहीं मिला था। सिंहदेव को अब वे दिन नहीं देखने पड़ेंगे, जब उन्हें अपमानित होना पड़ा था।”

यह बयान ऐसे समय में आया है जब छत्तीसगढ़ की राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। कांग्रेस शासन के दौरान, जब भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे, तब सिंहदेव और बघेल के बीच तनावपूर्ण रिश्ते की खबरें आई थीं। सिंहदेव, जो वरिष्ठ कांग्रेस नेता और अम्बिकापुर विधायक रहे। उन्हें बघेल सरकार में कई मौकों पर अनदेखी का सामना करना पड़ा था। इससे दोनों नेताओं के बीच अनबन की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी थीं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नेताम का यह बयान आने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। सिंहदेव की प्रतिक्रिया अब इस बयान के बाद क्या होगी, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। फिलहाल, छत्तीसगढ़ की राजनीति में यह बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जो आगामी समय में और अधिक तेज हो सकता है।