टॉयलेट जाने के बहाने शादी के मंडप से भाग गया दूल्हा, इंतजार करती रह गई प्रेमिका दुल्हन

बिहार के पटना जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है। जिसको सुनकर हर कोई हैरान है। यहां पर बड़ी खुशी के साथ एक प्रेमी जोड़े की शादी हो रही थी। इस दौरान शादी को बीच में ही छोड़कर प्रेमी से बना दूल्हा फरार हो गया। दूल्हे की इस हरकत से मौके पर मौजूद सभी लोगों की खुशियों को मानो एक ग्रहण सा लग गया। वहीं शादी की रश्में पूरी किए बिना दूल्हे के गायब होने से दुल्हन पक्ष की तो जैसे सांसे ही रुक गई हों। आनन-फानन में दूल्हे की काफी तलाश की गई, उसके दोस्तों से भी पूछा गया। लेकिन परिणाम जीरो ही हाथ लगा। बीच शादी समारोह से अचानक दूल्हे के लापता होने की खबर थोड़ी ही देर में आग की तरह चारों ओर फैल गई। सभी लोग इस मामले की ही चर्चाएं करते हुए दिखाई दिए। कई घंटे तक दूल्हे की तलाश करने का ड्रामा चला। अंत में दुल्हन समेत उसके सभी परिजनों को वहां से बैरंग वापस लौट पड़ गया।

यह अजब-गजब घटना पटना जिले के पालीगंज थाना इलाके की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, रविवार को पटना जिले के दुल्हिन बाजार स्थित उलार मंदिर में शादी के लिए दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों के लोग आए हुए थे। यहां दोनों की शादी कराए जाने की रस्में भी शुरू हो गई। जहां पर महिलाएं शादी के गाने गाने में व्यस्त थी। वहीं दूल्हा और दुल्हन ने हंसी-खुशी से जयमाला की रस्म भी पूरी कर ली। अब दोनों मंडप में फेरे ही लेने वाले थे। इसबीच ही दूल्हा दो मिनट का समय लेकर शौच पर चला गया, लेकिन घंटों बाद भी वापस नहीं लौटा। दूल्हे के मंडप में वापस नहीं आने पर लड़की पक्ष समेत मौके पर मौजूद अन्य लोग चिंतित हो गए। साथ ही उन्होंने दूल्हे की खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद भी दूल्हे का कुछ पता नहीं चला। इसके चलते दुल्हन को अपने परिवार के साथ ससुराल जाने की जगह मंदिर से वापस अपने घर लौटना पड़ा।

बताया जा रहा है कि नरौली गांव की रहने वाली एक युवती को फुलवारीशरीफ निवासी एक युवक से कुछ वर्षों पहले प्रेम हो गया। जब इनका प्रेम प्रवान चढ़ा तो इन दोनों ने आपस में शादी करने का मन बना लिया। शादी के लिए प्रेमी और प्रेमिका दोनों ने अपने-अपने परिजनों को भी राजी किया। वहीं जब परिवार वाले शादी कराने लगे तो आरोपी प्रेमी शादी का मंडप छोड़कर भाग गया। प्रेमी दूल्हे के इस तरह का कदम उठाने से लड़की काफी दुखी है और न्याय की गुहार लगा रही है। वहीं उसका कहना है कि वो लाचार है। क्योंकि कोई उसकी सहायता नहीं कर रहा है।

पटना के दुल्हिन बाजार थाना पुलिस के अनुसार उन्हें यह जानकारी मिली थी कि यहां उलार मंदिर में एक नाबालिक लड़की का विवाह रचाया जा रहा है। इस पुलिस वहां कार्रवाई करने के लिए पहुंची। इसी पुलिस कार्रवाई से भयभीत होकर वहां से दूल्हा मौका पाकर फरार हो गया। वहीं मौका पाकर लड़के पक्ष के अन्य लोग भी वहां से फरार हो गये। पुलिस जानकारी के अनुसार, लड़की की उम्र 16 साल की है। जो शादी के योग्य नहीं है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।