फेरों के बीच शादी का मंडप छोड़कर भागा दूल्हा, ससुराल की जगह थाने पहुंची दुल्हन

हरियाणा से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया। पानीपत में शादी के फेरे के बीच एक दूल्‍हा पुलिस के आने की खबर मिलते ही मंडप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन वो कहीं मिला नहीं। दूल्हे के पक्ष के लोग भी उसके बारे में नहीं बता सके। इसके बाद दुल्‍हन पक्ष के लोगों ने फोन कर मिन्‍नतें की तो वह थाने पहुंचा।

दरअसल, देशराज कॉलोनी में 17 साल की किशोरी की शादी 25 साल के युवक से होने जा रही थी। महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने पुलिस की मदद से शादी को रुकवाया। दूल्हा पुलिस को देख बरात छोड़कर फरार हो गया। लड़की पक्ष और महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता की ओर से दूल्हे के पास फोन किया गया तब वह थाने पहुंचा।

रजनी गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के एक गांव का एक शख्स कई साल से देशराज कॉलोनी में परिवार के साथ रहा है। वह अपनी 17 वर्षीय बेटी की शादी करने जा रहे थे। बेटी मूल गांव के स्कूल में कक्षा 10 तक पढ़ी है। पिता अपनी नाबालिग बेटी का विवाह पटेल नगर वासी 25 वर्षीय अकाउंटेंट से करने की तैयारी में था। बरात पहुंच चुकी थी। नाबालिग की शादी होने की सूचना पाकर प्रोटेक्शन ऑफिसर और पुलिस मौके पर पहुंचे तो लड़की की आयु का कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद नाबालिग की शादी को रुकवाया गया।

जानकारी के अनुसार टीम के साथ पुलिस को देख दूल्हा फरार हो गया। शादी को रुकवाते हुए लड़की को महिला थाना लाया गया। उसके स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। लड़की पक्ष और विभाग ने फोन किया तो लड़का भी थाने पहुंच गया। आधार कार्ड के मुताबिक लड़की की आयु 17 साल निकली। अब दोनों पक्षों को थाने में बुलवाया है। लड़के ने रजनी गुप्ता को बताया कि लड़की कम आयु है, उसे जानकारी नहीं थी। फिलहाल शादी को रुकवा मामले में कार्रवाई की जा रही है।