पेट्रोल के बढ़ते दाम से परेशान जनता का BJP के मंत्री ने उड़ाया मजाक… देखिए Video

भोपाल। देश के कई राज्यों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा के दाम पर बिक रहा है। डीज़ल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। ऐसे में लोग पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दाम से परेशान हैं। लेकिन, भाजपा के नेता हैं कि उन्हें मजाक सूझ रहा है। मध्य प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा ने पेट्रोल-डीज़ल के बढ़ते दाम से परेशान जनता का मखौल उड़ाते हुए कहा कि परेशानी के बिना सुख का आनंद नहीं आता है।

ओम प्रकाश सकलेचा ने कहा, “जिंदगी में परेशानी ही सुख का आनंद देती है जब तक एक भी परेशानी न आये तो आनंद भी नहीं आता है।” उन्होंने यह बात तब कही जब पत्रकार ने उनसे ‘पेट्रोल डीज़ल के बढ़ते दामों से जनता परेशान हैं’ को लेकर सवाल किया। पत्रकार के सवाल पर मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा जनता का मजाक उड़ाकर चलते बने।

उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा नगालैंड में भी कुछ जगहों पर पेट्रोल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार निकल गए हैं। वाहन ईंधन कीमतों में शनिवार को फिर बढ़ोतरी हुई। सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों की मूल्य अधिसूचना के अनुसार पेट्रोल के दाम 35 पैसे प्रति लीटर और डीजल के 26 पैसे प्रति लीटर और बढ़ाए गए हैं। इससे देश में पेट्रोल और डीजल के दाम ऐतिहासिक उच्चस्तर पर पहुंच गए हैं। 

राजधानी दिल्ली में पेट्रोल अपने सर्वकालिक उच्चस्तर 100.91 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। वहीं डीजल 89.88 रुपये प्रति लीटर पर है। मूल्य वर्धित कर (वैट) और ढुलाई भाड़े की वजह से विभिन्न राज्यों में ईंधन के दाम भिन्न-भिन्न होते हैं। इस मूल्यवृद्धि के बाद उत्तर प्रदेश के रामपुर, छत्तीसगढ़ के कांकेर, जशपुर और नारायणपुर जिलों के अलावा नगालैंड के कोहिमा में पेट्रोल का दाम 100 रुपये प्रति लीटर के पार हो गया है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, बिहार, पंजाब, लद्दाख, सिक्किम ओर पुडुचेरी में पहले ही पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक के दाम पर बिक रहा है। देश में सबसे अधिक खपत वाला ईंधन डीजल राजस्थान, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 100 रुपये प्रति लीटर के पार हो चुका है। 

इससे पहले इसी सप्ताह पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस मुद्दे पर कुछ कहने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था, ‘‘अभी मुझे इस मामले की पूरी जानकारी लेनी है। उसके बाद ही मैं इसपर कुछ कह पाऊंगा।’’ पुरी ने आठ जुलाई को पेट्रोलियम मंत्रालय का प्रभार संभाला है।

दिल्ली में पेट्रोल के खुदरा दाम में 55 प्रतिशत हिस्सा करों का है। इसमें 32.90 रुपये प्रति लीटर उत्पाद शुल्क के हैं, जो केंद्र सरकार वसूलती है। 22.80 रुपये प्रति लीटर मूल्यवर्धित कर के हैं, जो राज्य सरकार द्वारा वसूले जाते हैं। वहीं, डीजल के दाम में करों का हिस्सा 50 प्रतिशत है। इसमें उत्पाद शुल्क का हिस्सा 31.80 रुपये और वैट का 13.04 रुपये प्रति लीटर है। 

चार मई से पेट्रोल के दाम 38 बार बढ़ाए गए हैं। इस दौरान पेट्रोल 10.51 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ है। वहीं, डीजल के दाम इस दौरान 36 बार में 9.15 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं।