रेस्टोरेंट पर पुलिस और प्रशासन का छापा… 50 से ज्यादा लड़के-लड़कियाँ गिरफ़्तार.. अवैध तरीक़े से हुक्का बार, परोसी जा रही थी शराब

गाजियाबाद। कौशांबी थाना इलाके में स्थित एंजेल मॉल में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा एक रेस्टोरेंट पर छापा मारकर पुलिस ने करीब 50 से भी ज्यादा लड़के लड़कियों को गिरफ्तार किया है। इस रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा था और शराब परोसी जा रही थी। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो अचानक छापेमारी करते हुए बड़ी संख्या में लड़के लड़कियों को पकड़ा गया।

नो रूल्स नामक रेस्टोरेंट में छापेमारी के दौरान चौंकाने वाली चीजें सामने आई हैं। दिखाने के लिए यह एक रेस्टोरेंट हैं लेकिन इस रेस्टोरेंट में अवैध तरीके से शराब और हुक्के परोसे जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि नशे के साथ ही इतनी भीड़ यहां पर कोरोना के फैलाव की भी वजह बन सकती थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने यहां छापेमारी की।

गाजियाबाद के एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि थाना कौशांबी इलाके के एंजेल मॉल में नो रूल्स नाम से एक रेस्टोरेंट है। इस रेस्टोरेंट में लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था और इस रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार चल रहा था। जिसमें खुलेआम शराब भी परोसी जा रही थी।