मोबाइल को लेकर हुए मामूली विवाद में महिला ने काटी दूसरी महिला की गर्दन

उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में मोबाइल को लेकर दो महिलाओं में हुए मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला ने दूसरी महिला की चाकू से गला काट कर हत्या कर दी। महिला की हत्या की खबर से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया तो वहीं आरोपी महिला को पुलिस ने आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार किया।

मामला रामपुर के थाना गंज क्षेत्र के नई बस्ती नानकार का है, जहां एक ही मकान में तसलीम और रेशमा किराए पर रहती थी। रेशमा जब खाना बना रही थी तो उसका मोबाइल जग पर रखा था। अचानक तसलीम की लड़की का हाथ लगने से मोबाइल पानी में गिर गया, जिसके बाद दोनों में विवाद शुरू हो गया। तसलीम ने रेशमा से कहा कि वह मोबाइल सही करवा देगी या नया दिलवा देगी, लेकिन रेशमा नहीं मानी। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया की रेशमा ने तसलीम के गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी।

मृतक महिला के भाई ने बताया कि मोबाइल के पीछे लड़ाई हो रही थी। बच्चे से मोबाइल पानी के जग में गिर गया था। फोन सही करवाने को कहा वरना नया दिलाने के लिए भी कहा और हम चले गए, लेकिन पता चला कि जिसका फोन गिरा था उसने छुरी से हमला कर हत्या कर दी।

महिला की हत्या महिला द्वारा किये जाने से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। इस मामले में एडिशनल एसपी संसार सिंह ने बताया कि रेशमा और तसलीम दोनों महिलाएं एक ही मकान में किराए पर रहती थी। दोनों में मोबाइल को लेकर विवाद हो गया, जिसमें रेशमा ने तसलीम की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में तसलीम की मौके पर मौत हो गयी। हत्यारी महिला को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया गया है।