15 साल के लड़के के साथ 3 बच्चों की माँ फ़रार… शिवरात्रि मेले से हुए गायब.. केस दर्ज

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक अजीबोगरीब मामला हुआ है। यहां 3 बच्चों की मां 8वीं क्लास में पढ़ने वाले एक स्टूडेंट के साथ कथित तौर पर फरार हो गई है। इसकी शिकायत लड़के के परिवार ने गोरखपुर के कैंपियरगंज थाने में की है।

बता दें कि गोरखपुर पुलिस ने नाबालिग के साथ 3 बच्चों की मां के भागने के मामले में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक दोनों का पता नहीं चला है। जान लें कि आरोपी महिला की उम्र 29 साल है। महिला 3 छोटे बच्चों की मां है। वहीं उसके साथ भागने वाले लड़के की उम्र 15 साल है। वह 8वीं क्लास का स्टूडेंट है।

पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक, महिला और नाबालिग लड़का बुधवार के दिन लगे महाशिवरात्रि के मेले से गायब हैं। मामले की जानकारी मिलते ही दोनों के परिवार हैरान रह गए। पहले तो उनके परिवारों ने खुद दोनों को ढूंढने की कोशिश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद लड़के के परिवार ने पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ केस दर्ज करवाया।

सूत्रों के मुताबिक, महिला और लड़का पिछले एक साल से रिलेशनशिप में थे, लेकिन दोनों की उम्र में लगभग दोगुना का अंतर होने के कारण किसी को भी उन पर शक नहीं हुआ और दोनों का प्यार बिना किसी रोकटोक के चलता रहा।

कैंपियरगंज के सर्किल ऑफिसर राहुल भाटी ने बताया, ‘लड़के के परिवार की शिकायत के आधार महिला के खिलाफ भारतीय दंड संहिता धारा 363 और 365 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। हम उनकी तलाश कर रहे हैं।’

वहीं महिला के पति ने पुलिस को बताया है कि कुछ समय से महिला का व्यवहार उसके प्रति बदल गया था, लेकिन उसने सोचा नहीं था कि ऐसा कुछ हो सकता है।