दो बच्चों को लेकर कुएं में कूदी मां, तीनों की मौत, आपसी कलह बनी वजह

झारखंड के खूंटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक महिला अपने दो बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। इससे उन तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला के पति को शराब पीने की लत थी, जिस वजह से घर में आए दिन लड़ाई होती रहती थी। माना जा रहा है कि इसी से तंग आकर महिला ने ये रास्ता चुना। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र के पेरका गांव का है, जहां गांव से आधा किमी दूर एक कुएं में दो बच्चों और एक महिला का शव बरामद हुआ है। महिला का नाम चंपा मुंडू है और उसकी उम्र 35 साल बताई जा रही है। इस हादसे में उसके 6 साल के बेटे डोकरा मुंडू और 3 साल के हरसीन मुंडू की भी मौत हो गई है। महिला इसी पेरका गांव की रहने वाली थी।

बताया जा रहा है कि सोमवार रात को घर में आपसी लड़ाई हुई थी। इसके बाद सब खाना खाकर सो गए थे। मृतका अपने पति को भी सोने का बोल कर चली गई थी। लेकिन पति जब सुबह उठा तो उसे देखा कि पत्नी और बच्चे गायब हैं। काफी खोजबीन के बाद भी महिला और बच्चे नहीं मिले। महिला का मायका सिलदा गांव है। पति ने वहां भी खोजबीन की, लेकिन वहां भी नहीं मिली।

काफी खोजबीन के बाद भी महिला और बच्चों का पता नहीं चल सका था। लेकिन बुधवार सुबह गांव के पास ही मनरेगा से बने कुएं में शव तैरते हुए दिखाई दिए। पता चलने के बाद महिला के पति को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर मुरहू थाना प्रभारी विक्रांत कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला।

विक्रांत कुमार ने बताया कि महिला के पति को शराब पीने की लत थी, जिस वजह से आए दिन घर में आपसी कलह होती रहती थी। पुलिस को आपसी कलह के वजह से आत्महत्या करने का शक है। हालांकि, पुलिस हत्या और आत्महत्या सभी एंगल पर जांच कर रही है।