अगवा बच्चे की गांव के ही कुएं में लाश मिली, 5 दिन तक जांच करती रही पुलिस, ग्रामीणों में आक्रोश

रांची : राजधानी रांची के पिठोरिया थानाक्षेत्र के हेठ कोनकी गांव से अपहृत बच्चे की 5 दिन बाद गांव के ही एक कुएं से लाश मिली। शाहजहां अंसारी के 8 वर्षीय बेटे शाहनवाज अंसारी को गत 12 जनवरी को कुछ लोगों ने कार से अगवा कर लिया था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने बच्चे का शव कुएं में देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने परिवार को इसकी सूचना दी। फिर पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकाला। ग्रामीणों में आक्रोश को देखते हुए गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दी गई है।

पिता ने जताई थी अपहरण की आशंका 

पिता शाहजहां अंसारी ने बोरिंग के विवाद में बेटे के अपहरण की आशंका जताई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि वह अपने घर के पास ही बोरिंग करवा रहे थे। इस दौरान मंगरा उरांव, गिरू उरांच, चंपा उरांव, महादेव उरांव व रंजीत उरांव मारूती वैन से पहुंचे और जबरन बोरिंग का काम बंद करवा दिया। फिर उसी मारूती वैन में बच्चे को अगवा कर ले गये। सीसीटीवी फुटेज में ऐसा देखा गया। पुलिस ने पिता के बयान पर पांचों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।

गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात

पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया था और घरवालों को बच्चे की सकुशल रिहाई का भरोसा दिलाया था। लेकिन 5 दिन तक पुलिस कुछ नहीं कर पाई। शनिवार को डीएसपी नीरज कुमार की अगुआई में जांच टीम ने गांव पहुंचकर पिता शहजान अंसारी से पूछताछ की थी। करीब दो घंटे तक गांव में जांच-पड़ताल की थी। रविवार को बच्चे की लाश मिली। इससे ग्रामीणों में पुलिस के प्रति आक्रोश है। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद है।