Weather Update : कड़ाके की सर्दी के बीच इन जगहों पर आज होगी आफत की बारिश, 27 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं

नई दिल्ली। देश के कई इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पर रही है। ठंड के साथ-साथ कोहरे ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। इस वजह से जहां जन जीवन अस्त-व्यस्त है। वहीं विजिबिलिटी कम होने की वजह से यातायात  पर भी असर पड़ा है। इन सबके बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान ठंड के और बढ़ने की आशंका जताई है।  

मौसम की मानें तो आज यानी 24 जनवरी से 27 जनवरी तक पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में सर्द हवाओं के साथ ही तेज शीतलहर बढ़ सकती है। साथ ही साथ घना कोहरा भी छाए रहने का अनुमान जताया गया है। वहीं पहाड़ी इलाकों में आज बारिश के साथ-साथ बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है। उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में अभी जनवरी के आखिरी दिन तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 

मौसम विभाग के मुताबिक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम बदल रहा है। जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। वहीं, अगले 2-3 दिनों के दौरान बिहार, उत्‍तरी मध्‍य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। 

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले 4 से 5 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्‍ली, उत्‍तर प्रदेश, उत्‍तरी राजस्‍थान, असम, मेघालय, मणिपुर और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, आगामी 2-3 दिनों के दौरान बिहार, उत्‍तरी मध्‍य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को ठंड फिर बढ़ सकती है और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन भी दिल्ली में घना कोहरा व कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य है।

इसके साथ मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान जताया है। इसमें कहा गया है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण जम्‍मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्‍तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश कुछ क्षेत्रों में रविवार को बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके साथ ही हरियाणा, पंजाब के साथ-साथ कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है।