नई दिल्ली। आज के दौर में जहां दुनिया तेजी से बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने में जुटी है, वहीं हमारे ही देश के एक राज्य से हैरान कर देने वाला फैसला सामने आया है। यहां की सरकार ने जनसंख्या बढ़ाने के लिए एक बेहद अनोखी स्कीम का ऐलान किया है, जिसके तहत अब परिवार में तीसरे बच्चे के जन्म पर 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के आगमन पर सीधे 40,000 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह चौंकाने वाली घोषणा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नरसन्नापेटा में आयोजित ‘स्वर्ण आंध्र-स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के दौरान की। मुख्यमंत्री ने राज्य की घटती जन्म दर पर गहरी चिंता जताते हुए साफ कहा कि बच्चों को राष्ट्र की संपत्ति के रूप में देखा जाना चाहिए, न कि किसी बोझ के रूप में।
यह फैसला इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि कभी परिवार नियोजन की वकालत करने वाले मुख्यमंत्री अब खुद राज्य के लोगों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अपील कर रहे हैं। मंच से जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने अपने दिल की बात साझा की और कहा कि अतीत में उन्होंने खुद फैमिली प्लानिंग के लिए काम किया था, लेकिन आज स्थितियां बदल चुकी हैं। उनके मुताबिक, आने वाले भविष्य और राज्य के हित को देखते हुए जन्म दर को बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है। इसी सोच के साथ सरकार ने इस महीने से इस योजना को जमीन पर उतारने का फैसला किया है।
इस पूरी मुहिम के पीछे राज्य सरकार की मंशा युवाओं की आबादी को संतुलित बनाए रखना है। गौर करने वाली बात यह है कि कुछ समय पहले ही सरकार ने दूसरे बच्चे के जन्म पर 25,000 रुपये देने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब और आगे बढ़ाते हुए तीसरे और चौथे बच्चे के लिए क्रमशः 30 और 40 हजार रुपये कर दिया गया है। जहां एक तरफ सरकार इसे भविष्य की जरूरत बता रही है, वहीं दूसरी तरफ इस अनोखे और बड़े फैसले के बाद राज्य से लेकर देश की सियासत में एक नई बहस छिड़ना तय माना जा रहा है।
