Fatafat Update: शॉर्ट में पढ़ें पांच बड़ी ख़बरें!

१. फ्लाइट में महिला ने उतारे कपड़े और करने लगी ये डिमांड

अबू धाबी से मुंबई आ रही एक फ्लाइट में एक महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला ने कपड़े उतार दिए और केबिन क्रू से मारपीट भी की। कंपनी के मुताबिक इटली मूल की महिला पाओला पेरुशिया इकोनॉमी टिकट होने के बावजूद बिजनेस क्लास में बैठने की जिद कर रही थी। क्रू के मना करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी और कपड़े उतारकर फ्लाइट में घूमने लगी। मुंबई पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

२. CM अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि एक शख्स ने देर रात पुलिस को कॉल कर केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले शख्स जय प्रकाश की मानसिक हालत ठीक नहीं है। वह मुंडका का रहने वाला है। आरोपी का इलाज दिल्ली के गुलाबी बाग में चल रहा है, जिसके चलते पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया।

३. नागपुर से बिलासपुर जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर पथराव

नागपुर (महाराष्ट्र) से बिलासपुर (छत्तीसगढ़) जा रही वंदेभारत एक्सप्रेस पर कामठी स्टेशन के पास पथराव कर दिया गया। पथराव के कारण ट्रेन के कोच C-6 की खिड़की का शीशा टूट गया। जांच में सामने आया कि खेलते समय गांव के करीब 6-7 लड़कों ने पथराव किया, जिन्हें RPF ने पकड़ा और सख्त चेतावनी के साथ समझाइश देकर छोड़ दिया। बता दें कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर कई बार पथराव हो चुका है।

४. बजट सत्र से पहले संसद भवन के बाहर PM मोदी का संबोधन

बजट सत्र में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद भवन पहुंच गए हैं। सत्र में शामिल होने से पहले पीएम ने संसद के बाहर संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा ‘आज बेहद महत्वपूर्ण अवसर है। आज से बजट सत्र शुरू हो रहा है। आज ही अर्थव्यवस्था में सकारात्मक संदेश आया है। राष्ट्रपति जी का भाषण संविधान का गौरव है । आज नारी सम्मान का भी अवसर है।’

५. छत्तीसगढ़: धान खरीदी का आखिरी दिन आज

छत्तीसगढ़ में आज समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जा रही धान खरीदी का आखिरी दिन है। इसके बाद किसान खरीद केंद्रों पर धान नहीं बेच पाएंगे। राज्य में अब तक करीब 23.39 लाख किसानों ने धान बेच दी है, जिसके लिए किसानों को करीब 22 हजार करोड़ रुपए का भुगतान अब तक किया जा चुका है। राज्य सरकार ने इस साल प्रदेश के पंजीकृत किसानों से लगभग 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है।