दिग्गज अभिनेता के निधन से सदमे में फैंस, 1 ने की आत्महत्या, 2 की हार्ट अटैक से मौत; इंडस्ट्री में भी गहरा शोक

पुनीत राजकुमार साउथ सिनेमा का जाना माना नाम, अब हमारे बीच नहीं रहा। शुक्रवार (29 अक्टूबर) को उनके आकस्मिक निधन ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर के रख दिया। 46 साल की उम्र में पुनीत राजकुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। शुक्रवार सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी के बाद से उनके फैंस सदमे में हैं। पुनीत के निधन से उनके एक डाईहार्ट फैन को ऐसा सदमा लगा कि उसने इस गम में आत्महत्या कर ली और दो अन्य लोगों की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

पुनीत राजकुमार के निधन का गम फैंस झेल न सके। कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुका के मारो गांव में एक 30 साल के शख्स ने जैसे ही यह खबर सुनी तो उसे हार्ट अटैक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मुनियप्पा के रूप में हुई है जो एक किसान था और अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, मुनियप्पा ‘पावर स्टार’ पुनीत राजकुमार का डाईहार्ड फैन था। वह उनकी हर फिल्म देखता था। जैसे ही मुनियप्पा ने पुनीत के निधन की खबर सुनी तो वह सन्न रह गया और टीवी पर ये खबर देखने के बाद खूब रोने लगा। इसी बीच उसके सीने में दर्द हुआ और वह नीचे गिर गया। गांव के लोग तुंरत उसे पोंनाची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें दिल का दौरा पड़ने के कारण मृत घोषित कर दिया।

वहीं, एक अन्य फैन का निधन बेलगावी के शिंदोली गांव में दिल का दौरा पड़ने से हुआ। मृतक का नाम परशुराम देमन्नावर बताया जा रहा है, जो पुनीत राजकुमार का कट्टर प्रशंसक था। निधन की जानकारी मिलने के बाद से वह काफी दुखी थे और टीवी के सामने बस रोए जा रहे थे। रात 11 बजे अप्पा के फैन को दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।

वहीं, बताया जा रहा है कि अभिनेता के एक और प्रशंसक ने उनके निधन की खबर आने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना कर्नाटक के बेलगावी जिले के अथानी में हुई। मृतक की पहचान राहुल गादिवादारा के रूप में हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले उन्होंने पुनीत की फोटो को फूलों से सजाया और फिर अपने घर पर फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया।