ईद की खुशियां गम में हुई तब्दील, गांव में पसरा मातम, बेरहम पहुंचे जेल..

जम्मू संभाग में रियासी जिले के थाना चसाना में बुधवार को हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस वारदात को महिला के पति ने अपने भाई के साथ मिलकर अंजाम दिया था। दोनों ने मिलकर धारदार हथियार से महिला की बेरहमी से हत्या की थी। जिसके बाद खुंदरधन निवासी मंजूर अहमद पुत्र मोहम्मद अब्दुल्ला ने पुलिस को बहन शमीम अख्तर(22 साल) की हत्या की सूचना दी थी।

शमीम की शादी करीब तीन साल पहले शब्बीर से हुई थी। जिसके कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में खटास आनी शुरू हो गई। शब्बीर ने पत्नी को वापस उसके माता-पिता के घर भेज दिया। बुधवार को जब वह खेत में मवेशी(जानवर) चरा रही थी, तभी उसका पति मोहम्मद शब्बीर अपने भाई के साथ आ धमका। इससे पहले शमीम कुछ समझ पाती दोनों ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी। शमीम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

ईद के पर्व के चलते गांव में उत्सव था, जैसे ही शमीम की मौत की खबर लोगों को मिली, इलाके में मातम का माहौल हो गया। खेत में खून से लथपथ शव देख लोगों के होश उड़ गए।परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतका के परिजनों ने हत्या का आरोप अपने दामाद पर लगाया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। साथ ही हत्यारोपियों तक पहुंचने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए एक टीम का गठन किया गया।
 

जिसके बाद शब्बीर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने भाई का भी नाम कबूला। आरोपी शब्बीर मुगल रोड से कश्मीर जाने की फिराक में था। एसएसपी ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। साथ ही बताया कि मामले को जल्द से जल्द न्यायिक निर्धारण के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।