जाल फेंका था मछलियों के लिए फंस गया अजगर

मुम्बई

महाराष्ट्र के दो मछुआरों के साथ कुछ ऎसा हुआ जिसके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं होगा। मछलियां पकड़ने गए इन मछुआरों ने जाल तो मछलियों के लिए डाला था, लेकिन जब उसे बाहर निकाला तो उसमें 100 किलोग्राम के अजगर को फंसा पाया। महेश पाटील और गोकुल पाटील नामक मछुआरों को जाल निकालने से पहले इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनके जाल में फंसी भारी-भरकम चीज मछली नहीं अजगर है।
डर गए मछुआरे

100 किलोग्राम वजनी यह सांप भारी बारिश के बाद किसी तरह जाल में फंस गया था। जाल में अजगर को फंसा देख दोनों मछुआरे डर गए और अचंभित भी हुए। दोनों ने तुरंत जाल को दोबारा मटमैले पानी में फेक दिया और मदद के लिए तट पर लौट आए। दोनों मछुआरे ठाणे जिला स्थित भिवंडी के रहने वाले हैं। इस दौरान भारी संख्या में मछुआरे भारी भरकम अजगर की एक झलक पाने के लिए इकटा हो गए।

बुलाया सर्प विशेषज्ञ

अजगर के जाल में फंसने के बाद स्थानीय सर्प विशेषज्ञ किशोर गायकवाड़ अपने सहयोगी हितेश मेहता के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। किशोर ने पानी में से भारी भरकम अजगर को जाल सहित बाहर निकाला। वह डरा हुआ था और गुस्से में भी था, लेकिन उसे सावधानीपूर्वक शांत कराया गया। सर्प विशेषज्ञों ने बाद में अजगर का पूरी तरह से निरीक्षण किया। हालांकि अजगर के शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले। बाद में सांप की लंबाई नापी गई और उसक ा वजन किया गया।