Corona Update : पिछले 24 घंटे में कोरोना के सबसे ज्यादा 29,429 नये मरीज़… 600 के क़रीब मौत… देश में अब 9.36 लाख केस

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 09 लाख 36 हजार 181 हो गई है। मंगलवार को देश में 29 हजार 429 नए केस बढ़े और 582 मरीजों की जान गई। ये एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा आंकड़े हैं। इसके पहले 13 जुलाई को सबसे ज्यादा 28 हजार 178 नए केस बढ़े थे। इस बीच राहत की बात ये भी है कि 20 हजार 968 मरीज ठीक भी हुए। ये भी एक दिन में ठीक होने वाले मरीजों का सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा जानकारी के मुताबिक, देश में कोरोना के अभी 03 लाख 19 हजार 840 एक्टिव केस हैं। कोरोना से अब तक 24 हजार 309 मरीजों की जान गई है। राहत की बात ये है कि अब तक 05 लाख 92 हजार 31 मरीज रिकवर हो चुके हैं।

इन 5 राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में एक लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।