BJP ने 4 राज्यों के चुनाव प्रभारी नियुक्त किए, इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने कई राज्यों में अप्रैल-मई में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर शीर्ष नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा ने पार्टी के नेताओं नरेंद्र सिंह तोमर, जी किशन रेड्डी, प्रहलाद जोशी और अर्जुन राम मेघवाल को क्रमशः असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के चुनाव प्रभारियों के रूप में नियुक्त किया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में पहले से ही भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के कंधों पर चुनाव का प्रभार है।

अप्रैल-मई में असम, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी के अलावा पश्चिम बंगाल में भी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इसमें असम में भाजपा और असम गण परिषद के गठबंधन की सरकार है, जिसमें मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है यानी भाकपा और माकपा के साथ अन्य लेफ्ट पार्टियों का गठबंधन और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन हैं। तमिलनाडु में ईके पलनिस्वामी सीएम हैं और एआईएडीएमके सत्ता में है जो कि भाजपा की गठबंधन सहयोगी पार्टी। कांग्रेस के पास सिर्फ केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी है, जहां वी नारायणसामी मुख्यमंत्री हैं।