बड़ी ख़बर : बिल्डिंग में कड़ी सुरक्षा, सामने थाना… फिर भी 03 कोरोना पॉजिटिव कैदी हो गये फरार…

पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले में तीन कोरोना पॉजिटिव कैदी फरार हो गये। नगर थाना के सामने बने मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में 24 कोरोना संक्रमित कैदियों को रखा गया था। शनिवार रात उनमें से तीन कैदी खिड़की तोड़कर फरार हो गये। खिड़की में तौलिया लटका हुआ पाया गया। खिड़की के सामने एक पेड़ है, जिसके सहारे कैदी फरार हो गये।

घटना की सूचना मिलने पर एसपी मणिलाल मंडल ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर जांच अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अबतक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।

डीसी ने दिया जांच का आदेश 

डीसी कुलदीप चौधरी ने इस मामले में विशेष टीम गठित कर जांच का आदेश दिया है। एसपी ने 09 थानों की पुलिस को फरार कैदियों को पकड़ने में लगाया है। सबसे बड़ी बात ये है कि जिस मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स से कैदी फरार हुए, वहां सुरक्षा पहरा भी था। गेट पर पुलिस के जवान तैनात किये गये हैं। सामने थाना है। फिर भी रात को कैदी आराम से फरार हो गये।

पेड़ से नीचे उतरकर भागे कैदी

जानकारी के मुताबिक तीनों कैदी बाथरूम की खिड़की तोड़कर तौलिये की मदद से पेड़ से नीचे उतरे और फरार हो गये। एसपी ने सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान से पूछताछ की। हालांकि भवन के पीछे घनी झाड़ी होने के कारण कैदियों को भागने में मिली, क्योंकि पीछे सुरक्षाकर्मी रात को जाते नहीं थे। पुलिस फरार कैदियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

तीन में एक कैदी गिरफ्तार

ताजा जानकारी के मुताबिक फरार तीन कैदियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार कैदी की पहचान महबुल अंसारी के रूप में हुई। फरार होने के दौरान बिल्डिंग से कूदने के कारण महबुल के एक पैर में फैक्चर आ गया। अपने दो साथियों के साथ वह भी बंगाल की ओर ऑटो से जा रहा था। लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जबकि संदीप कुमार पाल और अर्जुन सिंह भागने में सफल हो गये। पुलिस ऑटो चालक को हिरासत में लेकर मुफस्सिल थाने में पूछताछ कर रही है।