मास्क न लगाने पर बैंक के गार्ड ने ग्राहक को मारी गोली… हालत नाजुक

यूपी के बरेली में मास्क न लगाने को लेकर हुए विवाद में बैंक के गार्ड ने शुक्रवार को एक ग्राहक को गोली मारकर घायल कर दिया। जिससे बैंक में मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। गोली लगने से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने मामले मेें आरोपित गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

घटना बरेली की बैंक ऑफ़ बड़ौदा की स्टेशन शाखा की है। बरेली जंक्शन के पास नॉर्थ रेलवे कॉलोनी के रहने वाले राजेश कुमार राठौर (35) टेलीकॉम डिपार्टमेंट में हेल्पर हैं। शुक्रवार सुबह को सिविल लाइंस स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में गए थे। बगैर मास्क कार्यालय के अंदर घुस गये। जिस पर गार्ड से उनकी कहासुनी हुई। इसके बाद वह लौट आये। दोबारा फिर बैंक के अंदर बगैर मास्क जा रहे थे। जिस पर सुभाषनगर के रहने वाले गार्ड केशव कुमार ने विरोध किया।

इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी और नोकझोंक हुई। गार्ड ने अपनी दोनाली बंदूक से राजेश को गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी। मामले की सूचना पर सीओ, इंस्पेक्टर कोतवाली पुलिस टीम के साथ पहुंच गये। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गार्ड केशव कुमार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गार्ड ने बताया कि दोनाली बंदूक लोड थी, इस वजह से चल गई। आरोपी ने बताया कि उसने गोली नहीं मारी है।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे बरेली के एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा के प्राइवेट गार्ड और रेलवे कर्मचारी मे मास्क लगाने को लेकर विवाद हुआ था। उसी दौरान गोली चली है। उन्होंने बताया कि घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली मारने के आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।