Accident News: भीषण सड़क हादसा… शादी समारोह से लौट रही कार अनियंत्रित होकर पलटी, 5 लोगों की मौके पर मौत

रामपुर। उत्‍तर प्रदेश के रामपुर जनपद में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिन्‍हें इलाज के लिए जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की शिकार कार तेज रफ्तार में फर्राटा भर रही थी। जब अचानक से वह अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कार से बाहर निकाला और घायल को तत्‍काल अस्‍पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, यह भीषण सड़क हादसा टांडा थाना क्षेत्र के सीकमपुर में हुआ। बताया जाता है कि घटना के समय कार में 6 लोग सवार थे। वे किसी शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। कार की रफ्तार काफी तेज थी। जिससे वह अनियंत्रित होकर सीकमपुर चौराहे के पास पलट गई। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक मुरादाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी किसी लड़की के विवाह समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, जब उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गई।