देश में 24 घंटे में आए 41506 नए केस… 895 की हुई मौत.. 37 लाख से अधिक लोगों को लगा टीका

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर अभी तक खत्म नहीं हुई है। इसके साथ रोजाना पाए जाने वाले नए मामलों में उतार चढ़ाव का क्रम जारी है। रविवार को देश में कोविड-19 संक्रमण के 41 हजार से अधिक मामले आए और मौतों की संख्या भी 800 से ज्यादा रही। वहीं इस दौरान 41 हजार के करीब लोग ठीक भी हुए।

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश में बीते 24 घंटे में 41,506 नए मामले पाए गए और 895 की मौत हुई। वहीं 41,526 लोग डिस्चार्ज किए गए. फिलहाल देश में कुल एक्टिव केस 4,54,118, डिस्चार्ज मरीज 2,99,75,064 और मृतकों की संख्या 4,08,040 हो गई है। बीते 24 घंटे के दौरान एक्टिव मामलों में 915 केस की कमी आई है। अब तक देश में कोरोना के कुल 30,837,222 मामले पुष्ट पाए गए हैं। इसके साथ ही ICMR ने जानकारी दी कि शनिवार को 18,43,500 लोगों के सैंपल्स की टेस्टिंग हुई। देश में अब तक 43,08,85,470 सैंपल्स की टेस्टिंग हो चुकी है।

वैक्सीनेशन के मोर्चे पर बात करें तो मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि देश में अब तक कोविड-19 टीके की दी गई खुराक की कुल संख्या 37.60 करोड़ को पार कर गई है। शनिवार को देश में टीके की 37,23,367 खुराक को दी गई। मंत्रालय ने कहा कि शनिवार को 18-44 वर्ष आयु वर्ग में पहली खुराक के रूप में 15,72,451 टीके लगाए गए और दूसरी खुराक के रूप में 1,74,472 टीके लगाए गए। देश में अब तक 37,60,32,586 लोगों वैक्सीन लगाई जा चुकी है।

टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से कुल मिलाकर, देश भर में 18-44 वर्ष आयु वर्ग के 11,16,46,378 व्यक्तियों को उनकी पहली खुराक मिल चुकी है और 36,93,265 लोगों को दूसरी खुराक मिल चुकी है। आठ राज्यों- बिहार, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश 18-44 वर्ष आयु वर्ग में कोविड-19 टीके की 50 लाख से अधिक पहली खुराक दे चुका है।।मंत्रालय ने कहा कि इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, केरल, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल ने 18-44 वर्ष आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लोगों को पहली खुराक दे चुका है।