हिमस्खलन की चपेट में आने से 10 सैनिक फंसे : सियाचिन में हिमस्खलन

नई दिल्ली

Random Image

जम्मू-कश्मीर में सियाचिन ग्लेशियर में हुए हिमस्खलन एक सैन्य चौकी उसकी चपेट में आ गई है। जिसके बाद से एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (JCO) सहित 10 सैनिक भारी बर्फ में फंस गए हैं।

उत्तरी कमान के (उधमपुर) रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) कर्नल एसडी गोस्वामी के मुताबिक बुधवार तड़के लद्दाख क्षेत्र के उत्तरी ग्लेशियर सेक्टर में 19,000 फुट की उंचाई पर स्थित एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गई। उन्होंने बताया कि एक जेसीओ और सेना के नौ अन्य जवान हिमस्खलन के कारण फंस गए हैं। सेना और वायुसेना ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

पिछले महीने लद्दाख क्षेत्र में हुए हिमस्खलन के कारण चार भारतीय सिपाही मारे गए थे। गौरतलब है कि सियाचिन दुनिया का सबसे ऊंचा रणक्षेत्र है, और सर्दियों में हिमस्खलन तथा भूस्खलन यहां आमतौर पर होते रहते हैं। यहां का तापमान भी माइनस 60 डिग्री सेल्सियस (140 डिग्री फॉरेनहाइट) तक जा सकता है।

सियाचिन ग्लेशियर में वर्ष 1984 से अब तक अनुमानतः 8,000 फौजी मारे जा चुके हैं, जिनमे अधिकतर की मौत हिमस्खलन, भूस्खलन, बर्फ से हुए घावों, ऊंचाई की वजह से बीमार होने तथा दिल का दौरा पड़ने से हुईं।