जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां गर्मी से राहत पाने की एक मामूली कोशिश जानलेवा साबित हुई। लैलूंगा थाना क्षेत्र के तारागढ़ गांव में रविवार की शाम एक महिला अपने घर के कूलर में पानी भर रही थी। इसी दौरान वह अचानक कूलर में उतर रहे तेज करंट की चपेट में आ गई। करंट का झटका इतना जोरदार था कि महिला वहीं गंभीर रूप से झुलस गई और घर में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर महिला को करंट प्रवाहित कूलर से अलग किया और आनन-फानन में उन्हें पत्थलगांव के सिविल अस्पताल लेकर भागे। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की मर्ग पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
