अम्बिकापुर। सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के हृदय स्थल गांधी चौक पर बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को खंडित किए जाने का संवेदनशील मामला सामने आया है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
यह घटना बीती देर रात की बताई जा रही है, जब शरारती तत्वों ने चौक पर स्थापित गांधी जी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। आज सुबह जैसे ही स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को इसकी भनक लगी, इलाके में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबसे पहले खंडित प्रतिमा को ससम्मान कपड़े से ढंककर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया।
शहर के इस मुख्य और बेहद संवेदनशील स्थल पर हुई इस वारदात से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही, आरोपियों की पहचान के लिए गांधी चौक और उसके आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
